MP में अब तक 88% बारिश, 37 जिलों का कोटा अधूरा; जानें आपके शहर का हाल
मध्य प्रदेश में मानसून सीजन खत्म होने में अब करीब 15 दिन बाकी हैं, लेकिन प्रदेश में अब तक सामान्य बारिश का कोटा पूरा नहीं हो सका है।

MP Weather Update: मध्यप्रदेश में मानसून की रफ्तार अब धीमी पड़ती नजर आ रही है। प्रदेश में अब तक सामान्य बारिश के मुकाबले करीब 12% कम पानी बरसा है। बारिश का कुल आंकड़ा करीब 88% ही पहुंच पाया है और अभी भी 37 जिलों में बारिश का कोटा पूरा नहीं हुआ है।
पूर्वी हिस्से में बारिश की स्थिति बेहतर
मौसम विभाग के अनुसार इस बार प्रदेश के पूर्वी हिस्से यानी जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश का प्रदर्शन पश्चिमी हिस्से की तुलना में बेहतर रहा है। मऊगंज में अब तक सबसे ज्यादा 54.9 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। सतना में भी 50 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। निवाड़ी में सामान्य से 49% अधिक बारिश हुई है। हालांकि पूर्वी हिस्से का आंकड़ा भी सोमवार तक सामान्य से करीब 1% कम हो गया।
इस हिस्से में औसत से 12% कम बारिश
पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश का आंकड़ा अब भी चिंता बढ़ा रहा है। इस हिस्से में सामान्य से 12% कम बारिश हुई है। आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा समेत कई जिले औसत से पीछे हैं। इन जिलों में 2% से 49% तक कम बारिश दर्ज की गई है।
इन जिलों में ज्यादा बारिश
IMD की मानें तो अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में ही औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
जुलाई-अगस्त में कोटा पूरा, जून की कमी बरकरार
इस मानसून सीजन में जुलाई और अगस्त के दौरान प्रदेश में बारिश का कोटा पूरा हो गया था। लेकिन मानसून की शुरुआत यानी जून में अपेक्षाकृत कम बारिश हुई।
यही वजह है कि जुलाई-अगस्त की अच्छी बारिश के बावजूद पूरे मानसून सीजन का आंकड़ा अभी सामान्य से करीब 12% कम है।
भोपाल में 4 साल बाद रिकॉर्ड बारिश
राजधानी भोपाल में इस बार बारिश का प्रदर्शन अच्छा रहा है। सितंबर में अब तक करीब 7 इंच बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। भोपाल में सितंबर की बारिश ने पिछले चार साल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है। लगातार हुई बारिश से शहर में लोगों को गर्मी से राहत मिली, हालांकि कई इलाकों में जलभराव जैसी परेशानियां भी सामने आईं।

.jpg&w=3840&q=75)

