शिवराज सिंह चौहान की मां का त्रयोदशी कार्यक्रम, CM योगी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री पहुंचे; केंद्रीय मंत्री की बहू ने 'बाबा' के पैर छुए
कार्यक्रम के दौरान सभी ने दिवंगत काशीबाई को याद किया और परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत रखने का भरोसा दिया।
-1.jpg&w=3840&q=75)
MP News: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई की त्रयोदशी के मौके पर गुरुवार को भोपाल में देशभर के बड़े नेताओं का जमावड़ा लगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भोपाल पहुंचकर काशीबाई को श्रद्धांजलि दी और शिवराज सिंह चौहान व उनके परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं जताईं। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी शामिल हुए।
नर्मदापुरम रोड स्थित वृंदावन गार्डन में त्रयोदशी शांति भोज और प्रार्थना सभा रखी गई थी। इसमें केंद्र सरकार, अलग-अलग राज्यों की सरकारों और राजनीतिक दलों के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने दिवंगत काशीबाई को याद किया और परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत रखने का भरोसा दिया।
योगी आदित्यनाथ ने परिवार से मिलकर जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह करीब 11:55 बजे भोपाल पहुंचे। यहां से वे सीधे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उनकी मां के निधन पर दुख जताया। योगी के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी भोपाल पहुंचे। इस दौरान शिवराज की बहू अमानत ने सीएम योगी के पैर छुए।
योगी आदित्यनाथ के अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के भी पहुंचने का कार्यक्रम था।
राजनाथ सिंह और ओम बिरला भी पहुंचे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी शिवराज सिंह चौहान के परिवार को सांत्वना देने भोपाल पहुंचे। दोनों के शाम करीब 4:40 बजे भोपाल आने और शाम 6:10 बजे दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम निर्धारित था।
इसके अलावा हरियाणा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों के कृषि मंत्री भी शोक सभा में शामिल हुए। इनमें हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे और मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के नाम शामिल हैं।
30 अक्टूबर को हुआ था काशीबाई का निधन
शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का 30 अक्टूबर को भोपाल के AIIMS में इलाज के दौरान निधन हो गया था। वह 76 वर्ष की थीं। कुछ समय से उनकी तबीयत खराब थी और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को परिवार के पैतृक गांव जैत ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया।
काशीबाई के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक संदेश भेजा था। उन्होंने अपने संदेश में मां के प्यार, आशीर्वाद और उनके दिए संस्कारों को जीवन की बड़ी ताकत बताया था।
अलग-अलग दलों के नेताओं ने भी जताई संवेदना
काशीबाई के निधन के बाद से ही अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता शिवराज सिंह चौहान से मिलकर दुख जता रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जेपी नड्डा सहित कई नेताओं ने परिवार से मुलाकात की थी।
भोपाल में आयोजित त्रयोदशी कार्यक्रम में भी राजनीतिक विचारधारा से अलग कई नेताओं की मौजूदगी देखने को मिली। इस दौरान सभी ने काशीबाई को याद करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।





.jpg&w=3840&q=75)