Rahul Gandhi : क्यों टला राहुल गांधी का इंदौर दौरा ? जानिए पूरी वजह
Rahul Gandhi : राहुल गांधी का 12 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम नेहरू स्टेडियम न मिलने के कारण स्थगित कर दिया गया है।
Rahul Gandhi : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का इंदौर दौरा अब 12 सितंबर की जगह 19 सितंबर को होगा। राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने पहले नेहरू स्टेडियम को चुना था और जिला प्रशासन से इसकी अनुमति मांगी थी। हालांकि, प्रशासन ने कोर्ट का हवाला देते हुए नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम का स्थल बदलने का फैसला किया है।
प्रशासन से नहीं मिली अनुमति
कांग्रेस ने राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम की अनुमति मांगी थी। पार्टी की ओर से कार्यक्रम को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई थीं, लेकिन जिला प्रशासन ने नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी। प्रशासन की ओर से इसके लिए कोर्ट से जुड़े मामले का हवाला दिया गया। अनुमति नहीं मिलने के बाद कांग्रेस के सामने कार्यक्रम का स्थान बदलने का विकल्प बचा।
बयानबाजी के बीच बदला कार्यक्रम!
राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी भी शुरू हो गई थी। कार्यक्रम स्थल को लेकर प्रशासन की अनुमति नहीं मिलने के बाद राजनीतिक हलकों में भी इसे लेकर चर्चा तेज हुई। कांग्रेस ने अब विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय कार्यक्रम का स्थल बदलकर रीजनल पार्क करने का निर्णय लिया है।
अब रीजनल पार्क में जुटेंगे छात्र
नेहरू स्टेडियम की जगह अब रीजनल पार्क को कार्यक्रम स्थल बनाया गया है। कांग्रेस का फोकस छात्रों और युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने पर है। ‘छात्रों की गूंज’ के जरिए राहुल गांधी छात्रों से सीधे संवाद करेंगे और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं के शामिल होने की संभावना है।
बारिश की वजह से टला कार्यक्रम ?
कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ाने के पीछे लगातार हो रही बारिश भी एक वजह बताई जा रही है। इंदौर में बारिश के कारण खुले स्थान पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों में दिक्कतें आ रही थीं। ऐसे में कांग्रेस ने तैयारियों के लिए अतिरिक्त समय लेते हुए कार्यक्रम को 12 सितंबर से बढ़ाकर 19 सितंबर करने का फैसला किया है।
19 सितंबर को होगा कार्यक्रम
पहले राहुल गांधी का इंदौर दौरा 12 सितंबर को प्रस्तावित था। अब यह कार्यक्रम 19 सितंबर को होगा। यानी कार्यक्रम को एक सप्ताह आगे बढ़ाया गया है। नई तारीख और नए स्थल के साथ कांग्रेस अब छात्रों की भागीदारी बढ़ाने और कार्यक्रम को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारियों में जुटेगी।
कार्यक्रम में उठाए जाएंगे ये मुद्दे
बता दें कि छात्रों की गूंज कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। नीट पेपर लीक कांड, शिक्षा, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े अन्य विषयों के साथ पार्टी की कोशिश छात्रों के बीच अपना राजनीतिक संदेश पहुंचाना का भी है। राहुल गांधी की मौजूदगी में अब 19 सितंबर को होने वाले छात्रों के गूंज कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए इंदौर सहित पूरे प्रदेश के नेता सक्रिय हो गए हैं।

