MP से दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनें रद्द, शान-ए-भोपाल और राजधानी एक्सप्रेस भी शामिल
दिल्ली जाने वाले मध्य प्रदेश के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

Bhopal News: दिल्ली जाने वाले मध्य प्रदेश के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पश्चिम मध्य रेलवे ने परिचालन संबंधी कारणों और दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी यातायात बाधित होने की आशंका के चलते कई ट्रेनों को रद्द किया है। इनमें रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस और मुंबई–हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस भी शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार, 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका है। इसी के चलते 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद शुरुआती स्टेशनों से चलकर 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच दिल्ली पहुंचने वाली संबंधित मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशन से ही रद्द किया जाएगा।
भोपाल और जबलपुर से चलने वाली ट्रेनें भी रद्द
रेलवे की जारी जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर को इन ट्रेनों का संचालन रद्द रहेगा:
- 12155 शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस: रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन
- 22221 राजधानी एक्सप्रेस: मुंबई–हजरत निजामुद्दीन
- 22181: जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन
- 12189: जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन
- 12121: जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन
इसके अलावा, कोटा–हजरत निजामुद्दीन ट्रेन संख्या 12059 को 10 अक्टूबर के लिए रद्द बताया गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ सेवा से अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी जाती है।
दिल्ली में 165 में से 38 ट्रेनें रद्द होने की जानकारी
रिपोर्ट के अनुसार, 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली 165 में से 38 ट्रेनों को रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसका असर बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से जुड़ी कई रेल सेवाओं पर भी पड़ सकता है।

-1.jpg&w=3840&q=75)



