Datia Bypoll: दतिया उपचुनाव में 71.4% मतदान, फर्जी वोटिंग के आरोपों से गरमाई सियासत
Datia Bypoll: दतिया उपचुनाव में 71.4% मतदान हुआ। कांग्रेस ने फर्जी वोटिंग और बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाए। कुछ बूथों पर वीवीपैट और यूनिट में खराबी आई, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।

Datia Bypoll: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शाम 6 बजे तक 71.4% मतदान दर्ज किया गया। यह 2023 विधानसभा चुनाव के मुकाबले करीब 9 प्रतिशत कम रहा। इस सीट पर भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच मुकाबला है। मतगणना 3 अगस्त को होगी।
फर्जी वोटिंग के आरोप
मतदान के दौरान कांग्रेस ने सिरोल और जिगना में फर्जी वोटिंग की शिकायत की। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से बात की। वहीं पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस जब हारती है तो आरोप लगाती है, यह उसकी हताशा और निराशा का परिचय है।
पोलिंग एजेंट को लेकर विवाद
रामसागर गांव के मतदान केंद्र से पुलिस कांग्रेस के एक पोलिंग एजेंट को अपने साथ ले गई। जब साथियों ने इसका वीडियो बनाने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोका। बाद में कांग्रेस नेताओं के थाने पहुंचने पर पोलिंग एजेंट को छोड़ दिया गया।
क्यों हो रहा है उपचुनाव?
दतिया सीट कांग्रेस के राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक फ्रॉड मामले में सजा मिलने के बाद खाली हुई है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 80.2 प्रतिशत मतदान हुआ था। तब राजेंद्र भारती ने भाजपा के नरोत्तम मिश्रा को 7,742 वोटों से हराया था।
मतदान के दौरान क्या-क्या हुआ?
दतिया में उपचुनाव के लिए 291 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता पंजीकृत हैं। बूथ नंबर 186 पर वीवीपैट, बूथ नंबर 108 पर बैलेटिंग यूनिट और बूथ नंबर 290 पर कंट्रोल यूनिट में खराबी आई, हालांकि सभी जगह समय पर मतदान शुरू हो गया। बसई के लखनपुर गांव में ग्रामीणों ने सड़क की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार किया, लेकिन अधिकारियों के समझाने पर मतदान शुरू हुआ। बारिश के कारण लरायटा और सिविल लाइन रोड के कुछ मतदान केंद्रों पर पानी भर गया। कांग्रेस ने बूथ नंबर 51 पर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश का भी आरोप लगाया।
नेताओं के बयान
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि दतिया में कांग्रेस 25 हजार वोटों से जीत दर्ज करेगी। वहीं नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वे टिकट कटने पर नहीं, बल्कि अपने कार्यकर्ताओं की चोट देखकर भावुक हुए थे।
