सड़े आलू और कीड़े लगी दाल, भोपाल के नामी होटलों में एक्सपायरी फिश-चिकन का स्टॉक
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब गणेश उत्सव समेत त्योहारों के चलते भोपाल में होटल, रेस्टोरेंट और खान-पान से जुड़े कारोबार में ग्राहकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
MP News: राजधानी भोपाल में त्योहारों के सीजन के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटल और रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ छापेमारी की। साफ-सफाई और खाने की क्वालिटी को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान रेडिसन समेत 10 होटलों में खाने में बड़ी गड़बड़ियां पाई गईं। जांच के दौरान कहीं सड़ी सब्जियां, तो कहीं एक्सपायरी नॉनवेज मिला। जिस फ्रीजर में नॉनवेज रखा जाता है, वहां भी साफ-सफाई नदारद मिली। स्टोरेज एरिया में पेस्ट एक्टिविटी के संकेत मिले, जबकि डस्टबिन भी खुले पाए गए। अधिकारियों ने ऐसी खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया, ताकि उसका इस्तेमाल भोजन तैयार करने में न हो सके।
रेडिसन में 50 किलो सड़े आलू, सयाजी में एक्पायरी चिकन
जांच के दौरान टीम को होटल रेडिसन में खाद्य सुरक्षा टीम को करीब 50 किलो सड़े हुए आलू मिले। अधिकारियों ने इन्हें मौके पर ही नष्ट कराया। जांच में हनी ब्रेड के चार पैकेट मिसब्रांडेड पाए गए। वहीं होटल सयाजी में जांच के दौरान एक्सपायरी डेट पार कर चुकी फिश और चिकन का इस्तेमाल और स्टोरेज सामने आया। इसके अलावा वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों को तैयार करने के लिए सही तरीके से इंतजाम नहीं किए गए थे। खुले डस्टबिन भी मिले। अधिकारियों को पानी की शुद्धता से संबंधित रिपोर्ट भी उचित रूप से उपलब्ध नहीं मिली।
न्यू मार्केट स्थित होटल पलाश की रसोई में मशरूम के आठ पैकेट सड़ी अवस्था में मिले। इन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। किचन में पांच खुले डस्टबिन में खाद्य अपशिष्ट पड़ा था। फ्रीजर में बैंगन, पालक और अन्य सब्जियां खराब हालत में मिलीं। इसके अलावा 500 ग्राम आटे का पैकेट बेस्ट-बिफोर अवधि खत्म होने के बाद भी रखा मिला। चिकन मसाले के पैकेट पर जरूरी लेबल की जानकारी भी नहीं थी।
शिकायतों के बाद लिए गए सैंपल
रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ जांच सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों के आधार पर भी की गई थीं। अधिकारियों ने मटन और पनीर समेत कुछ खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा है। इनकी रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की स्थिति स्पष्ट होगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
त्योहार के सीजन में खाद्य पदार्थों को लेकर प्रशासन अलर्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई में राहत की बात यह भी रही कि जांच किए गए 10 प्रतिष्ठानों में से दो जगह व्यवस्थाएं संतोषजनक और निर्धारित मानकों के अनुरूप मिलीं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी और जांच का अभियान जारी रहेगा।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब गणेश उत्सव समेत त्योहारों के चलते भोपाल में होटल, रेस्टोरेंट और खान-पान से जुड़े कारोबार में ग्राहकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट, तापमान नियंत्रण और किचन की स्वच्छता पर निगरानी उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिहाज से अहम हो जाती है।

