CJP and JP Nadda Meeting : जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे CJP प्रतिनिधि, शिक्षा सुधार और परीक्षा व्यवस्था पर होगी अहम बातचीत
CJP and JP Nadda Meeting : CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि सरकार ने स्वयं बातचीत के लिए संपर्क किया और इसके बाद बैठक तय हुई।
CJP and JP Nadda Meeting : नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच बातचीत की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के लिए बुलाया गया है। CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि सरकार ने स्वयं बातचीत के लिए संपर्क किया और इसके बाद बैठक तय हुई। इस मुलाकात को आंदोलन और सरकार के बीच संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल के नड्डा से मिलने के बाद आगे की रणनीति और संभावित फैसलों पर सभी की नजर रहेगी।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं सौरव दास और आशुतोष रांका
केंद्रीय मंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में CJP के प्रवक्ता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका शामिल हैं। दोनों नेता जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के दौरान शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं में सुधार से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने रखेंगे।
संगठन का कहना है कि उनका आंदोलन छात्रों और युवाओं की मांगों को लेकर है तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से सरकार के साथ औपचारिक बातचीत की जा रही है।
निचले स्तर की वार्ता ठुकराने के बाद बनी सहमति
CJP ने बताया कि शुरुआत में पुलिस के माध्यम से जिला मजिस्ट्रेट या सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ बातचीत का प्रस्ताव दिया गया था। संगठन ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया और कहा कि वह केवल प्रधानमंत्री या किसी केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के साथ ही औपचारिक बातचीत करेगा।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जारी गतिरोध को समाप्त करने के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के साथ बैठक तय की गई। माना जा रहा है कि इस बातचीत में आंदोलन से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सकती है।
प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील
बैठक से पहले CJP के मुख्य प्रवक्ता ने जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को सरकार के सामने रख रहा है और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
संगठन को उम्मीद है कि इस बैठक से शिक्षा सुधार और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक प्रगति होगी। हालांकि बैठक के नतीजों पर अंतिम निर्णय दोनों पक्षों की चर्चा के बाद ही स्पष्ट होगा।